Advertisement

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का मोतिहारी में भव्य स्वागत

-भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का मोतिहारी में भव्य स्वागत

-कार्यकर्ताओं से योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह गुरुवार को मोतिहारी पहुंचे। उनके आगमन पर मंगराहीं बाजार, जीवधारा और चंद्रहिया स्थित भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह ने कहा कि भाजपा किसानों के हित और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र किसान तक पहुंचाना किसान मोर्चा की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ता गांव-गांव जाएं, किसानों से सीधा संवाद करें, उनकी समस्याएं सुनें और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाने में मदद करें।

राम सुमरन सिंह ने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही भाजपा हर बूथ तक अपनी पहुंच बढ़ाएगी। उन्होंने सभी से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और सेवा, समर्पण व संगठन के मंत्र के साथ किसानों के बीच निरंतर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, किसान मोर्चा प्रभारी श्यामबाबू सिंह, जिलाध्यक्ष हरेन्द्र कुशवाहा, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीता शर्मा, अतिपिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष संजय ठाकुर, आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा किसानों के हित में काम करने का संकल्प दोहराया।