Advertisement

मुजफ्फरपुर में महिला कांस्टेबल से पिस्टल की नोक पर डेढ़ लाख की सोने की चेन लूटी, विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग

-मुजफ्फरपुर में महिला कांस्टेबल से पिस्टल की नोक पर डेढ़ लाख की सोने की चेन लूटी, विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग

मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 7:40 बजे बीएमपी-6 में तैनात महिला कांस्टेबल नेहा से पिस्टल की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन लूट ली गई। विरोध करने पर बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल नेहा सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह न्यू दुर्गापुरी कॉलोनी स्थित बीएमपी-6 मेन रोड से गली में मुड़ीं, काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनकी स्कूटी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उनके गले से करीब एक भर वजनी सोने की चेन छीन ली।


महिला कांस्टेबल ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागते समय एक राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी तेज रफ्तार बाइक से भागते बदमाशों और फायरिंग की पुष्टि की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े पुलिसकर्मी को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।