-भागलपुर में छात्र संसद चुनाव: बाल सांसदों ने संभाली लोकतंत्र की कमान
भागलपुर। गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर में बुधवार को छात्र संसद के गठन हेतु गुप्त मतदान के जरिए चुनाव आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, सेनापति और सह सेनापति जैसे प्रमुख पदों के लिए छात्रों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कहा कि छात्रों द्वारा क्रियात्मक रूप से गुप्त मतदान करना उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से सीखने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष विधि से सीखना सबसे सरल और प्रभावी तरीका होता है। चुनाव का परिणाम पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के दिन घोषित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री और सेनापति के चयन के बाद मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा, जिसमें छात्रों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शिक्षकों का मानना है कि “करके सीखना” ही सबसे बेहतर शिक्षा पद्धति है, जिससे छात्रों में नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

इस चुनाव में अभिनव आर्या, कुमार अंकुश, खुशी प्रिया, राज सिंघानिया और किसलय सहित कई छात्र-छात्राएं विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवार बने। निर्वाचन प्रक्रिया में अवधेश भारती, रतन पाठक, चंद्रचूड़ कुमार और डॉ. संजीव कुमार झा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गुप्त मतदान के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी छात्रों ने खुद संभाली, जिससे उनकी संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल का भी विकास हुआ। डॉ. संजीव कुमार झा के निर्देशन में पूरी चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस मौके पर विद्यालय के सभी आचार्य, रोहित कुमार और मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










