Advertisement

बेनीबाद में भीषण आगलगी: NH 27 किनारे होटल परिसर की कई दुकानें जलकर राख, लाखों की क्षति

-बेनीबाद में भीषण आगलगी: NH 27 किनारे होटल परिसर की कई दुकानें जलकर राख, लाखों की क्षति

दीपक कुमार | गायघाट
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक भीषण आगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। NH 27 स्थित राजा लाइन होटल में अचानक आग लगने से होटल परिसर में बनी कई गुमटी और छोटी दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के दुकानदारों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग होटल के एक हिस्से से शुरू हुई और तेज हवा के कारण तेजी से अन्य दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में कई दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखे सामान, फर्नीचर और नकदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कई गुमटी दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।
दुकानदारों ने बताया कि आग लगने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कई परिवारों की आजीविका इन्हीं दुकानों पर निर्भर थी।
फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।