-होली–रमजान को लेकर मुजफ्फरपुर पुलिस अलर्ट, शहर से गांव तक फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी
मुजफ्फरपुर।रंगों और मोहब्बत का त्योहार होली नजदीक आते ही मुजफ्फरपुर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना और अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से शहर से लेकर गांव तक पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर साफ संदेश दिया है कि त्योहार की खुशियों में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारी बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पहुंचे तथा लोगों से भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने या बदअमनी फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

खास तौर पर सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
इस बार होली के साथ पवित्र महीना रमजान भी पड़ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। दंगा नियंत्रण बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पुलिस लाइन मैदान में विशेष मॉक ड्रिल कर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारी की गई है।
मस्जिदों और मंदिरों के आसपास भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि दोनों पर्व शांति और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हो सकें। प्रशासन का साफ संदेश है कि होली का जश्न खुशियों और प्रेम का प्रतीक बने, न कि नफरत और फसाद का। हुड़दंगियों और अफवाहबाजों पर कानून का शिकंजा कसने में देर नहीं लगेगी।











