-बेनीबाद के मिश्रोली में शुरू हुआ श्री 108 नवाह यज्ञ, कलश शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट। प्रखंड क्षेत्र के मिश्रोली गांव स्थित ब्रह्मस्थान परिसर में श्री 108 नवाह यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो गया।
कलश शोभायात्रा के बाद यज्ञ स्थल पर नौ दिवसीय रामधुन एवं अखंड सीताराम नाम संकीर्तन का आयोजन शुरू हुआ। श्रद्धालु लगातार भगवान श्रीराम और माता सीता के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए।

आयोजन समिति के अनुसार, 7 अक्टूबर को मटकोर उत्सव का आयोजन रात आठ बजे से किया जाएगा। वहीं 8 अक्टूबर को विवाह उत्सव रात नौ बजे से तथा 9 अक्टूबर को राम कलेवा उत्सव रात नौ बजे से आयोजित होगा। धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
आयोजकों ने बताया कि नवाह यज्ञ का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीणों के सहयोग से सामूहिक रूप से भगवान श्रीराम की आराधना करना है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मौके पर पंचायत समिति पति महेश्वर कुमार राय, राम सज्जन राय सहित दर्जनों लोग थे।












