-बेगूसराय में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, अमानवीय यातना देने का भी दावा; जांच में जुटी पुलिस
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय अत्याचार का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। चकिया थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और गंभीर शारीरिक यातना दी। महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पीड़िता के बयान के अनुसार, 11 जून की रात वह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान पांच लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में दर्द बढ़ने पर कराई गई चिकित्सीय जांच में गंभीर चोटों की जानकारी सामने आई। चिकित्सकों द्वारा आगे की जांच और उपचार किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शिकायत के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व में भी आरोपियों द्वारा महिला को परेशान किए जाने की शिकायत की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए महिला चिकित्सकों की टीम गठित की है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के बाद पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं, बेगूसराय सदर के डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।












