-बाबा गरीबनाथ जलाभिषेक: मुजफ्फरपुर में 48 घंटे का विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों की नो-एंट्री
मुजफ्फरपुर। सावन की सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। डीएम और एसएसपी की स्वीकृति के बाद तैयार इस विशेष योजना के तहत शनिवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
प्रशासन की ओर से जारी नक्शे के अनुसार, पहलेजा घाट से जल लेकर आने वाले कांवड़िया रामदयालु गुमटी, अघोरिया बाजार, हरिसभा चौक, पानी टंकी चौक, छोटी कल्याणी, साहु पोखर और माखन साह चौक होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर तक पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला स्कूल मैदान में जिगजैग व्यवस्था बनाई गई है। कांवड़िया हरिसभा चौक और पानी टंकी चौक से जिला स्कूल पहुंचेंगे, जहां से जिगजैग मार्ग के जरिए अमर सिनेमा चौक और छोटी कल्याणी होते हुए मंदिर तक पहुंचेंगे।
भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए महिला और पुरुष कांवड़ियों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों और महत्वपूर्ण गलियों के मुहानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
बाइक से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आरडीएस कॉलेज और एलएस कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही, कांवड़ियों को सही दिशा दिखाने के लिए प्रमुख स्थानों पर साइनेज बोर्ड भी लगाए गए हैं।
जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं की वापसी छाता बाजार मार्ग से कराई जाएगी। इस दौरान सरैयागंज टावर, गांधी चौक, छाता चौक और पुरानी बाजार चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सावन सोमवारी के अवसर पर जलाभिषेक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।












