-बागमती की बाढ़ से स्कूलों में घुसा पानी, कटरा के कई विद्यालयों में पढ़ाई ठप
मुजफ्फरपुर। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बाद बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटरा प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का असर तेज हो गया है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके कारण कई सरकारी विद्यालयों के परिसर जलमग्न हो गए हैं। स्कूलों में पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है और कई जगह शिक्षण कार्य ठप पड़ गया है।
कटरा प्रखंड के बकुची समेत अन्य निचले इलाकों के सरकारी विद्यालयों के मैदान और परिसर में बाढ़ का पानी भर गया है। विद्यालय परिसर में जलजमाव होने से छात्रों और शिक्षकों का आवागमन बाधित हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी परहेज कर रहे हैं।

बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कटरा और औराई प्रखंड के कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। स्कूल परिसरों में पानी घुसने के कारण शिक्षा व्यवस्था पर भी संकट गहराने लगा है। यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है तो आने वाले दिनों में और विद्यालय प्रभावित हो सकते हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित अंचल अधिकारियों को सतर्क रहने तथा प्रभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने दावा किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित विद्यालयों की स्थिति का जल्द आकलन कर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई पर लंबे समय तक असर न पड़े।













