-बन्दरा में शिक्षा सह रोजगार मार्गदर्शन मेला आयोजित
-500 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
-करियर मार्गदर्शन पर मिली अहम जानकारियां
मुजफ्फरपुर। जिले के बड़गांव उच्च माध्यमिक विद्यालय, बंदरा में उड़ान परियोजना के तहत एक्शन एड के तत्वावधान में शिक्षा सह रोजगार मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बंदरा, मुशहरी और बोचहा प्रखंडों से आए कुल 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मेले का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, और प्रधानाध्यापक मृत्युंजय कुमार ने मंच संचालन किया। एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने प्रतिभागियों को करियर चुनने में रुचि और मूल्यांकन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मैट्रिक, इंटरमीडिएट और स्नातक के बाद छात्र अपने सपनों के अनुसार करियर का चयन करें।

जिला कौशल विशेषज्ञ रणवीर कुमार ने कहा कि किशोरावस्था करियर चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने बिहार कौशल विकास मिशन और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी दी, जो आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को बेहतर शिक्षा में सहायता करती हैं। उन्होंने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पैरामेडिकल और अन्य तकनीकी क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय रोजगार सेवा पोर्टल पर 250 बच्चों का निबंधन हुआ। प्रदर्शित कैरियर संबंधी पट्टिकाओं को बच्चों और शिक्षकों ने सराहा। मेला के सफल आयोजन में एक्शन एड के वोलेंटियर रामसुंदर राम ने योगदान दिया। समापन और धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड समन्वयक राजगीर कुमार ने किया।
#शिक्षा_मेला #करियर_मार्गदर्शन #मुजफ्फरपुर_इवेंट #उड़ान_परियोजना #बिहार_कौशल_विकास #स्टूडेंट_क्रेडिट_कार्ड #शिक्षा_से_रोजगार












