Advertisement

बन्दरा अंचल कार्यालय के लिपिक संजय कुमार राकेश निलंबित, लापरवाही पर DM की सख्त कार्रवाई

-बन्दरा अंचल कार्यालय के लिपिक संजय कुमार राकेश निलंबित, लापरवाही पर DM की सख्त कार्रवाई

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।

बन्दरा अंचल कार्यालय में कार्यरत लिपिक संजय कुमार राकेश को अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है। उन पर बिना सूचना लगातार अनुपस्थित रहने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप है, जिससे कार्यालय के कार्य प्रभावित हो रहे थे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित कर्मी से पहले भी कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। शनिवार को जिलाधिकारी के अंचल कार्यालय निरीक्षण के दौरान भी वे अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के क्रम में उनके खिलाफ कई शिकायतें सामने आईं, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित कर दिया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर समाहर्ता को आरोप पत्र गठित कर जल्द से जल्द जांच प्रक्रिया शुरू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।