Advertisement

बंदरा में मेधा और समाजसेवा का सम्मान, प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं समेत 11 समाजसेवी हुए सम्मानित

-बंदरा में मेधा और समाजसेवा का सम्मान, प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं समेत 11 समाजसेवी हुए सम्मानित

मुजफ्फरपुर, 26 जुलाई।दीपक तिवारी।जिले के बंदरा प्रखंड स्थित लक्ष्मी राजदेव इंटर कॉलेज, पियर में शनिवार को सपोर्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में “श्रद्धेय राजदेव प्रसाद ठाकुर स्मृति प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” सह राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। संगोष्ठी का विषय “कृषि एवं खाद्य प्रणाली का सुदृढ़ीकरण: स्थानीय से वैश्विक अवसरों का नया द्वार” रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख अनिल कुमार ठाकुर ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. रत्नेश कुमार झा तथा जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डॉ. सुधाकर प्रसाद लाल, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार एवं प्रो. अरुण कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसायटी, बिहार के उपाध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने की।
समारोह में बंदरा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मान से नवाजा गया।


राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अनुमंडल कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने किसानों से मौसम के अनुरूप फसल चयन और वैज्ञानिक तकनीक आधारित खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ही किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने का प्रभावी माध्यम है।
वक्ताओं ने किसानों को बिचौलियों से बचते हुए सीधे बाजार से जुड़ने की सलाह दी, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। प्रो. अरुण कुमार ने कहा कि भारत खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है और अब गुणवत्ता, प्रसंस्करण तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि डॉ. रत्नेश कुमार झा ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर बल देते हुए कहा कि भारत की पारंपरिक कृषि प्रणाली को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की जरूरत है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और देश की कृषि को नई पहचान मिलेगी। वहीं अनिल कुमार ठाकुर ने किसानों से नवाचार अपनाने, जोखिम उठाने और आधुनिक तकनीक के साथ आत्मविश्वास एवं संगठन की शक्ति को जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सपोर्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष रंगीश ठाकुर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुशवाहा ने दिया। इस अवसर पर पूर्व जिला मत्स्य पदाधिकारी कर्मवीर प्रसाद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, किसान, छात्र-छात्राएं, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में रंगीश ठाकुर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सपोर्ट फाउंडेशन भविष्य में भी प्रतिभाओं के सम्मान, कृषि नवाचार और सामाजिक जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।