Advertisement

फिर हुआ बालासोर जैसा रेल हादसा, एक ही पटरी पर आने से दो मालगाड़ियां टकराई

-फिर हुआ बालासोर जैसा रेल हादसा, एक ही पटरी पर आने से दो मालगाड़ियां टकराई, रेल परिचालन ठप

सम्वाददाता।खडगपुर।

रेलवे के लिए रविवार की सुबह हादसे से शुरू हुई. बांकुरा के ओंडा रेलवे स्टेशन पर दो मालगाड़ियां टकरा जाने से भारी नुकसान हुआ है. वहीं मालगाड़ी के चालक को भी चोटें आने की खबर है. यह भीषण रेल हादसा पश्चिम बंगाल में हुआ है जहाँ रविवार 25 जून की सुबह 4 बजे पश्चिम बंगाल के ओंडाग्राम या ओंडा रेलवे स्टेशन के पास दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर हो गई।


एक मालगाड़ी मुख्य लाइन के बजाय लूप लाइन में घुस गई और ट्रैक पर खड़ी दूसरी मालगाड़ी से टकरा गई. कहा जा रहा है कि एक मालगाड़ी पहले से जिस ट्रैक पर थी उसी पर दूसरी गाड़ी को जाने का सिग्नल दिया गया जिससे मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी और करीब 12 डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे के बाद खड़गपुर-बांकुरा-आद्रा लाइन पर रेल परिचालन रोक दिया गया है। यह हादसा भी कुछ कुछ ओडिशा में हुए बालासोर रेल हादसे की भांति ही है. 2 जून की दुखद बालासोर ट्रेन दुर्घटना में भी तीन ट्रेनें टकरा गई थी जिससे सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 1000 लोग घायल हुए थे. अब फिर से वैसी ही गलती बंकुरा में देखने को मिली है और दो मालगाड़ी को एक ही पटरी पर जाने के सिग्नल दे दिया गया।