Advertisement

फसल के ऊपर झूल रहा 11 हजार वोल्ट का तार, हादसे की आशंका; सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं

-फसल के ऊपर झूल रहा 11 हजार वोल्ट का तार, हादसे की आशंका; सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं

पूसा/समस्तीपुर, 26 अगस्त। पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-07 में भुस्कौल चौक से बोस कंपनी चौक जाने वाली मुख्य सड़क के समीप 11 हजार वोल्ट का लाइव विद्युत तार काफी नीचे झूल रहा है। यह तार खेत में लगी फसल के ऊपर से गुजर रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है।
आरवाईए के जिला सचिव एवं पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक तार को दुरुस्त नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि नीचे झूल रहा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।


रौशन कुमार ने विद्युत विभाग से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजा जाए और तार को सुरक्षित ऊंचाई पर दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसडीओ और जेई को बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। रौशन कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के सवाल पर इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) चुप नहीं बैठेगा। यदि विद्युत विभाग ने अविलंब तार को दुरुस्त नहीं किया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।