Advertisement

प्रेमिका से शादी की जिद में 12 घंटे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

-प्रेमिका से शादी की जिद में 12 घंटे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

मुजफ्फरपुर । मुशहरी थाना क्षेत्र में प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 12 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा भगवान निवासी रिकी कुमार, पिता लालू राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे रिकी कुमार हनुमान मंदिर के समीप स्थित ऊंचे मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। वहां से वह अपनी पसंद की लड़की से शादी कराने की मांग करते हुए नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।

सूचना मिलने पर मुशहरी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, अंचलाधिकारी और बीडीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने माइकिंग और बातचीत के जरिए युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
युवक की सुरक्षा को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने टावर के नीचे जाल भी बिछाया। करीब 12 घंटे की मशक्कत और लगातार समझाने के बाद शाम करीब 7:50 बजे उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। नीचे आते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने प्रेमिका से शादी करने की जिद की बात बताई। मामले में मुशहरी थाना कांड संख्या 340/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, विधि-व्यवस्था प्रभावित करने, आत्महत्या की धमकी देकर दहशत फैलाने और दूरसंचार अवसंरचना से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। मंगलवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।