-9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह में मुजफ्फरपुर की भागीदारी, सांसद राज भूषण चौधरी को भेंट की ‘लीचिया लाले लाल’
मुजफ्फरपुर, 22 सितंबर। 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 में मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक भागीदारी दर्ज हुई है। इस अवसर पर सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने नई दिल्ली में मुजफ्फरपुर के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक पहचान और लीची की लोक परंपरा पर आधारित पुस्तक ‘लीचिया लाले लाल’ उन्हें भेंट की।
मालीघाट स्थित फाउंडेशन कार्यालय में मंगलवार को संस्थान की संरक्षक एवं वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इसकी जानकारी दी गई। सुनील कुमार ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 22 से 26 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।

पांच दिवसीय आयोजन में 22 से 25 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी तथा 26 सितंबर को क्षेत्र भ्रमण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें जल संसाधन प्रबंधन, जल संरक्षण सहित जल से जुड़े विभिन्न विषयों पर नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, योजनाकारों और अन्य हितधारकों के बीच विचार एवं तकनीकों का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
सुनील कुमार ने कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर देने के लिए सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी तथा उनके सांसद प्रतिनिधि प्रोफेसर जयनन्दन सहनी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘लीचिया लाले लाल’ के माध्यम से मुजफ्फरपुर की प्रसिद्ध लीची, लोक संस्कृति और लोकगीतों को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। लोक संस्कृति के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए भी ऐसे प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।











