-उत्तर बिहार में 24-26 सितंबर के दौरान गरज के साथ बारिश की संभावना
-किसानों को सतर्क रहने की सलाह
समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 27 सितंबर तक उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रह सकते हैं। वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी तथा पूर्वी-पश्चिमी चंपारण के कुछ स्थानों पर 24 से 26 सितंबर के आसपास मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वानुमान के दौरान अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री तथा न्यूनतम 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। किसानों को धान में गांधीय बग की नियमित निगरानी करने की सलाह दी गई है। मक्का में नत्रजन की अंतिम मात्रा 30 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर देने तथा अरहर की बुआई जल्द पूरी करने को कहा गया है।
कृषि वैज्ञानिकों ने निचले खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी है। गन्ने में कीट एवं रोगों की निगरानी के साथ भिंडी में फल एवं तना छेदक कीट पर भी नजर रखने को कहा गया है। किसानों से मौसम को देखते हुए कृषि कार्य सावधानीपूर्वक करने की अपील की गई है।











