-पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
मुजफ्फरपुर। कांटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित अकुराहा खरगी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी विनोद सिंह के पुत्र सुजीत कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुजीत मंगलवार सुबह घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान स्थानीय लोगों की नजर गांव के एक गहरे पोखर में तैरते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान सुजीत कुमार के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस पोखर में हादसा हुआ वह काफी गहरा है। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण किशोर गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। वहीं, क्षेत्रीय विधायक अजीत कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अंचलाधिकारी को मामले की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी आपदा राहत कोष से मिलने वाली सहायता राशि मृतक के परिजनों को जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।














