Advertisement

पेंडिंग रिजल्ट सुधार के लिए बनेगी उच्चस्तरीय कमेटी, डिग्री आवेदनों का होगा समयबद्ध निस्तारण

-पेंडिंग रिजल्ट सुधार के लिए बनेगी उच्चस्तरीय कमेटी, डिग्री आवेदनों का होगा समयबद्ध निस्तारण

मुजफ्फरपुर। स्नातक और पीजी परीक्षाओं में पेंडिंग रिजल्ट की बढ़ती समस्या को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर गंभीरता दिखाई गई है। छात्रों को राहत देने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया है। कमेटी पेंडिंग रिजल्ट के मामलों का तेजी से निस्तारण कराने के साथ भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था तैयार करेगी।
जानकारी के अनुसार, कुलानुशासक (प्रॉक्टर) की अध्यक्षता में विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें डिप्टी कंट्रोलर डॉ. बिपुल बर्नवाल सहित परीक्षा विभाग के मुख्य कर्मी शामिल होंगे। कमेटी पेंडिंग रिजल्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उनके सुधार की प्रक्रिया में तेजी लाएगी।


वहीं अंतिम सत्र के विद्यार्थियों और डिग्री के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को भी राहत देने की तैयारी है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि स्पेशल परीक्षा को लेकर राजभवन से जारी सर्कुलर की प्रति अगली बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। इसके आधार पर स्पेशल परीक्षा से संबंधित अंतिम प्रस्ताव रखा जाएगा।
बैठक में डिग्री के सभी लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने पर भी सहमति बनी। विद्यार्थियों की मूल डिग्री तैयार कर सीधे संबंधित कॉलेजों में भेजने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छात्रों को डिग्री के लिए बार-बार विश्वविद्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा जमा किए गए आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिग्री तैयार करने की प्रक्रिया तय करने पर भी सहमति बनी है। इससे अंतिम सत्र के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, नौकरी और अन्य आवश्यक कार्यों में डिग्री संबंधी परेशानी कम होने की उम्मीद है।