-पीएमसीएच के शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की शिरकत
-सीएम नीतीश ने गिनाईं उपलब्धियां
पटना। दीपक कुमार तिवारी।
पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (पीएमसीएच) के 100 साल पूरे होने के मौके पर शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन हुआ। पटना के बापू सभागार में हुए इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम ने बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे विकास को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, साथ ही पूर्ववर्ती सरकारों पर भी जमकर निशाना साधा।
हर जिले में बनेगा मेडिकल कॉलेज:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
2005 में बिहार में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 12 हो चुके हैं।
14 नए मेडिकल कॉलेजों पर तेजी से काम जारी है।
केंद्र सरकार ने भी 8 जगहों पर मेडिकल कॉलेज की मंजूरी दी है।

पीएमसीएच बनेगा देश का सबसे बड़ा अस्पताल:
नीतीश कुमार ने घोषणा की कि पीएमसीएच को 5000 बेड के विश्वस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह बिहार ही नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े अस्पतालों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण कार्य तेज गति से जारी है और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
पूर्व सरकारों पर हमला:
सीएम नीतीश कुमार ने अपने भाषण में लालू-राबड़ी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“पहले शाम के बाद कोई घर से बाहर निकलता था? सड़कें नहीं थीं, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति बेहद खराब थी। अब बिहार में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। लड़के-लड़कियां रात 12-13 बजे तक बेझिझक बाहर घूम सकते हैं।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएमसीएच की सराहना:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में PMCH के गौरवशाली 100 वर्षों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में अहम योगदान देता रहा है। उन्होंने बिहार सरकार को इस ऐतिहासिक संस्थान के विकास के लिए शुभकामनाएं दीं।
#PMCH100Years #BiharVikas #PatnaMedicalCollege #NitishKumar #DroupadiMurmu #Healthcare #BiharDevelopment











