Advertisement

पांच साल पुराने सीएसपी लूटकांड का आरोपित गिरफ्तार, एसटीएफ ने गायघाट से दबोचा

-पांच साल पुराने सीएसपी लूटकांड का आरोपित गिरफ्तार, एसटीएफ ने गायघाट से दबोचा

मुजफ्फरपुर। जिले में पांच साल पहले दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 2.60 लाख रुपये की लूट और फायरिंग की घटना में शामिल एक वांछित आरोपित को एसटीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के बेला गोपी गांव निवासी सूरज कुमार उर्फ बंटी के रूप में हुई है। वर्ष 2021 में सकरा थाना क्षेत्र में हुई इस लूट की घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, सकरा थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक अरविंद कुमार को अपराधियों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर पिस्टल का भय दिखाया और गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद बैग में रखे 2.60 लाख रुपये नकद, पासबुक और चेकबुक लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। पुलिस जांच के दौरान सूरज कुमार उर्फ बंटी की संलिप्तता सामने आई थी।

एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल, 120 रुपये नकद, एक चांदी की चेन और चांदी की दो अंगूठियां बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। एसटीएफ की इस कार्रवाई को पांच साल पुराने लूटकांड में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।