-पटना-बेतिया एक्सप्रेस-वे का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, तय समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश
पटना, 13 अप्रैल 2026। दीपक तिवारी। बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने सोमवार को सारण जिले में पटना-बेतिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बकरपुर-मानिकपुर सड़क पर रुककर परियोजना के प्रथम खंड की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि पटना से बेतिया को जोड़ने वाली इस ग्रीनफील्ड परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम खंड को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद पटना से बेतिया की दूरी महज 3 घंटे में तय की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना बिहार की प्रमुख कनेक्टिविटी योजनाओं में से एक है, जिससे पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के बन जाने से अन्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
यह एक्सप्रेस-वे वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण जिलों को सीधे पटना से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी सहित एनएचएआई के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।










