Advertisement

पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारी तेज, प्रपत्र-1 के प्रकाशन की तैयारी को लेकर प्रशासन सक्रिय

-पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारी तेज, प्रपत्र-1 के प्रकाशन की तैयारी को लेकर प्रशासन सक्रिय

————————–

मुजफ्फरपुर,

29 अप्रैल 2026 —

पंचायत आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारी जोरों पर हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर प्रपत्र-1 के प्रकाशन की प्रक्रिया जारी है। इस महत्वपूर्ण कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रपत्र-1 पंचायत निर्वाचन की आधारभूत प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण किया जाता है। ऐसे में इसकी शुद्धता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंडों में इस कार्य का प्रभावी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी को बीडीओ के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने को कहा गया है।

प्रशासनिक स्तर पर कार्य की निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारियों को प्रखंडवार जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है। इन्हें अपने-अपने प्रखंडों में प्रपत्र-1 के प्रकाशन की संपूर्ण प्रक्रिया की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी नामित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रपत्र-1 का प्रकाशन निर्धारित समय सीमा के भीतर और बिना किसी त्रुटि के किया जाए।

इसके अलावा, तकनीकी कार्यों को सुगम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी (डीआईओ) एवं आईटी मैनेजर को प्रपत्र-1 की तैयारी से संबंधित सभी कार्य डिजिटल माध्यम से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। इससे न केवल कार्य में तेजी आएगी, बल्कि त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।

पंचायत आम निर्वाचन 2026 के तहत प्रपत्र-1 के प्रकाशन की संशोधित समय सारणी भी जारी की गई है। इसके अनुसार वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशन 4 मई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद आम नागरिकों से आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 4 मई से 18 मई 2026 तक निर्धारित की गई है।

इस अवधि के दौरान प्राप्त सभी आपत्तियों का निष्पादन 4 मई से 22 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात अपील वादों के निष्पादन की प्रक्रिया 11 मई से 29 मई 2026 तक चलेगी। सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन 5 जून 2026 को किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस समय-सारणी का सख्ती से पालन करें और प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसकी प्रत्येक प्रक्रिया को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि पंचायत आम निर्वाचन 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।