Advertisement

निर्धारित समय बीतने के बाद भी नहीं शुरू हुआ सड़क निर्माण, ग्रामीणों में आक्रोश

-निर्धारित समय बीतने के बाद भी नहीं शुरू हुआ सड़क निर्माण, ग्रामीणों में आक्रोश

मुजफ्फरपुर/बंदरा।मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड क्षेत्र में बरियारपुर से पीरापुर खादी भंडार तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी शुरू नहीं हो सका है। सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के तहत बरियारपुर से पीरापुर खादी भंडार तक 4.300 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। इस परियोजना पर 2 करोड़ 56 लाख 64 हजार रुपये खर्च किए जाने हैं। सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास पिछले वर्ष पूर्व विधायक निरंजन राय द्वारा किया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक को 29 अप्रैल 2025 से 28 अप्रैल 2026 के बीच निर्माण कार्य पूरा करना था, लेकिन तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद कार्य शुरू तक नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि अब तक सड़क पर एक पत्थर भी नहीं डाला गया है।

बरियारपुर के संजय पटेल और सुशील कुमार तथा मधैया गांव के राजू चौधरी, नवीन कुमार एवं रत्नमनियां गांव के प्रमोद कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर सड़क के कारण प्रतिदिन आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने और संवेदक की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।