-नए राजेंद्र रेल पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम तेज, कई ट्रेनें रद्द
मुजफ्फरपुर। मोकामा के पास गंगा नदी पर नवनिर्मित नए राजेंद्र रेल पुल को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम तेज हो गया है। पूर्व मध्य रेल द्वारा हाथीदह, टाल और सिमरिया रेलखंड पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (प्री-एनआई) और नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य कराया जा रहा है। इसके कारण 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रेल परिचालन में व्यापक बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में मुजफ्फरपुर, जयनगर, सीतामढ़ी, रक्सौल, हावड़ा और रांची समेत विभिन्न रूटों पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।
नए राजेंद्र रेल पुल को रेल नेटवर्क से जोड़ने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच रेल संपर्क को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। पुल से होकर ट्रेनों का परिचालन शुरू होने पर मोकामा और आसपास के रेलखंडों पर यातायात क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति और निर्धारित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।











