-दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, लोन के नाम पर करते थे ठगी
लखीसराय। साइबर थाना पुलिस ने प्रतिष्ठित कंपनियों से लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को नगर थाना क्षेत्र के धर्मरायचक मोहल्ले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल, एक लैपटॉप और एक स्पाइरल बाइंडिंग रजिस्टर जब्त किया है, जिसमें ठगी का पूरा डाटा दर्ज था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेखपुरा जिले के अरयरी थाना क्षेत्र के नौकाडीह निवासी दीपक कुमार और हजरतपुर निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है। साइबर डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि केंद्रीकृत पोर्टल एनसीआरपी के माध्यम से साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि लखीसराय के धर्मरायचक मोहल्ले में एक संगठित साइबर गिरोह सक्रिय है। ये ठग प्रतिष्ठित कंपनियों से लोन दिलाने का झांसा देकर दस लाख से नीचे लोन पर ₹2500 और दस लाख से अधिक लोन पर ₹3100 प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर ठगी कर चुके थे।

अब तक लगभग 200 से 300 महिलाओं से ठगी की बात सामने आई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी पुलिस ने इसी इलाके से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
#CyberCrime #Lakhisarai #FraudstersArrested #OnlineFraud #LoanScam #BiharPolice










