-दुर्गापूजा में घर बंद कर मेला देखने गया परिवार, पीछे से तीन लाख के जेवरात चोरी
मुजफ्फरपुर। जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में दुर्गापूजा के दौरान बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब तीन लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार घर में ताला बंद कर शहर में पूजा पंडाल घूमने और मेला देखने गया था। वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया, वहीं गांव के लोगों में भी दहशत का माहौल है।
पीड़िता विमला कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका परिवार खानपुर गांव निवासी अमर कुमार के मकान में रहता है। दुर्गापूजा के अवसर पर पूरा परिवार घर में ताला बंद कर शहर में पूजा पंडाल घूमने और मेला देखने चला गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और रात के अंधेरे में घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

परिवार जब वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने लोहे के बक्से और अलमारी के लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण चुरा लिए थे। चोरी गए सामान में सोने का हार, सोने की कान की बाली का एक जोड़ा, मंगलसूत्र और चांदी की कई जोड़ी पायल शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
घटना की सूचना मिलने पर हथौड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों की जांच कर रही है। त्योहार के दौरान हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत जताई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।












