-दानापुर यार्ड में टूटी पटरी, उतरा शंटिंग इंजन का पहिया, बालासोर रेल हादसे के बाद बिहार में भी हड़कंप
पटना।सम्वाददाता।
दानापुर रेलवे यार्ड में सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चूक हुई है. यहां एक शंटिंग इंजन का पहिया पटरी से ही उतर गया. घटना रविवार दोपहर दानापुर के रेलवे यार्ड में घटी. दरअसल, जिस रेल पटरी से होकर शंटिंग इंजन गुजर रहा था वहां पटरी टूटी हुई थी, लेकिन रेलवे कर्मियों की नजर उस पर नहीं पड़ी. इधर इंजन के पहिये के पटरी से उतरने की जानकारी मिलते ही रेल मंडल में हड़कंप मच गया. राहत की बात यह रही कि इससे किसी ट्रेन के परिचालन पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा. दोपहर साढ़े बारह बजे तक इंजन के पहिये को वापस ट्रैक पर लाया जा सका जिसके बाद यार्ड में शंटिंग इंजन को वापस ले जाया जा सका।
सूत्रों के अनुसार शंटिंग इंजन के डिरेलमेंट पर दानापुर से जुड़े कर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है. रेलवे बोर्ड के सख्त निर्देशों के बीच रेल परिचालन में सुरक्षा के मानकों का शत- प्रतिशत अनुपालन करने का संदेश हर कर्मी को दिया गया है।

ऐसे में टूटी पटरी पर नजर न जाना शंटिंग से जुड़े कर्मियों की लापरवाही कही जा सकती है. मामले में इंजीनियरिंग विभाग से भी जवाब- तलब किया जाएगा. बालासोर में हुए हादसे के बाद रेल अधिकारी पहले से सकते में हैं. ऐसे में सुरक्षा में चूक और पटरियों की मॉनिटरिंग में लापरवाही पर अगले एक- दो दिनों में कार्रवाई हो सकती है।
दो दिन पहले ओडिशा में हुए रेल हादसे में बड़ी संख्या जान माल के नुकसान होने के बाद देश भर में रेल सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं. ऐसे में दानापुर में एक इंजिन के बेपटरी होने की खबर ने पूर्व मध्य रेलवे की भी चिंता बढ़ा दी है।















