-दानापुर के मखदुमपुर पंचायत में टीबी स्क्रीनिंग कैंप, बड़ी संख्या में लोगों की हुई जांच
पटना। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को दानापुर प्रखंड की मखदुमपुर लखनीबिगहा पंचायत में विशेष टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। अभियान का उद्देश्य संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उनका निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करना है।
मखदुमपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अमृता कुमारी ने बताया कि कैंप में दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, वजन में कमी, रात में अत्यधिक पसीना आने तथा टीबी से जुड़े अन्य लक्षण वाले लोगों की प्राथमिकता के आधार पर स्क्रीनिंग की गई। संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए, जबकि जरूरतमंद लोगों को एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक जांच कराने की सलाह भी दी गई।

उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय और जिला स्वास्थ्य समिति के अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करते रहे तथा समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे, जिससे स्क्रीनिंग अभियान का संचालन प्रभावी ढंग से किया जा सका।
सीएचओ अमृता कुमारी ने कहा कि इस विशेष टीबी जांच अभियान को सफल बनाने में पंचायत की सभी एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गईं और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर पहचान और इलाज से टीबी का पूरी तरह उपचार संभव है।












