Advertisement

दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर जनकपुरधाम में सस्ता बाजार शुरू, 115 स्टॉल लगाए गए

-दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर जनकपुरधाम में सस्ता बाजार शुरू, 115 स्टॉल लगाए गए

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ की ओर से गोपाल धर्मशाला में सस्ता बाजार का आयोजन किया गया है। संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक दीपेंद्र ठाकुर ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर विधायक दीपेंद्र ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में मंदी का दौर चल रहा है। ऐसे में सरकार को व्यवसायियों के हितों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

सस्ता बाजार में विभिन्न प्रकार की वस्तुओं के कुल 115 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें खाद्यान्न, चीनी, मैदा, कॉस्मेटिक सामग्री, प्लास्टिक के सामान, साबुन, अगरबत्ती, मोमबत्ती और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों सहित अन्य वस्तुओं के स्टॉल शामिल हैं। त्योहारों के मद्देनजर इस बाजार के आयोजन से ग्राहकों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की वस्तुएं उपलब्ध होंगी।

जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ की ओर से बाजार में स्टॉल लगाने वाले प्रत्येक दुकानदार को दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया गया है।

उद्घाटन समारोह में पूर्व मेयर बजरंग प्रसाद साह, जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश कुमार साह, इंजीनियर प्रकाश चंद्र साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।