Advertisement

तेज आंधी-तूफान से राजापाकर में जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली आपूर्ति ठप, कई जगह नुकसान

-तेज आंधी-तूफान से राजापाकर में जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली आपूर्ति ठप, कई जगह नुकसान

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवा और तूफान से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि कई मकानों के छतों से करकट उड़ गए।

प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पेड़-पौधों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। राजापाकर थाना के समीप बिजली तार पर पीपल का पेड़ गिर जाने से इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। वहीं राजापाकर दक्षिणी पंचायत में बने कचरा शेड का करकट तेज हवा में उड़ गया।

तेज तूफान का असर शादी-विवाह समारोहों पर भी पड़ा। लग्न का सीजन होने के कारण 8 मई को प्रखंड क्षेत्र में सैकड़ों जगह विवाह समारोह आयोजित किए गए थे, लेकिन अचानक आई आंधी ने लोगों की खुशियों पर पानी फेर दिया। कई जगहों पर शादी के लिए लगाए गए पंडाल उखड़ गए और सजावट को भारी नुकसान पहुंचा।

ग्रामीण क्षेत्रों से झोपड़ीनुमा मकानों के उजड़ने तथा पेड़ टूटकर गिरने की भी खबरें सामने आई हैं। बिजली बाधित रहने से बाजारों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। स्थानीय लोग देर शाम तक बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे।