-तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन: मतगणना को लेकर करीब 100 अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
-27 अक्टूबर को एमआईटी में सुबह 7 बजे से होगी मतगणना -पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर
मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की मतगणना को लेकर शनिवार को एमआईटी के एवी हॉल में प्रमंडलस्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। निर्वाची पदाधिकारी सह तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह के निर्देश पर आयोजित इस कार्यशाला में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिले के करीब 100 मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मतगणना टेबल पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, प्रारंभिक एवं विस्तृत गणना, मतपत्रों की गिनती और डाटा एंट्री सहित विभिन्न दायित्वों की जानकारी दी गई। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी राजू कुमार एवं सृष्टि प्रिया तथा मास्टर ट्रेनरों ने निर्वाचन आयोग के नियमों और निर्देशों के अनुरूप मतगणना कराने की प्रक्रिया समझाई।

मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह सात बजे से एमआईटी के प्रशासनिक भवन में होगी। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना हॉल में 14-14 गणना टेबल निर्धारित किए गए हैं। मतपत्रों की पहले मतदान केंद्रवार संख्यात्मक गिनती होगी, फिर उन्हें मिश्रित कर अभ्यर्थीवार गणना की जाएगी।
आयुक्त ने पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ मतगणना संपन्न कराने तथा आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मतगणना परिसर में केवल वैध पहचान पत्रधारियों को प्रवेश मिलेगा।












