Advertisement

तिरहुत एमएलसी चुनाव: प्रेक्षक रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

-तिरहुत एमएलसी चुनाव: प्रेक्षक रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के मतदान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त प्रेक्षक रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
प्रेक्षक ने एमआईटी, अनुमंडल कार्यालय पश्चिमी और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद प्रेक्षक रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रेक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए मतदान कार्य सफलतापूर्वक पूरा कराने को कहा।
निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्रों का निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की निगरानी के उद्देश्य से किया गया। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।