Advertisement

डॉ. सृष्टि कुमारी ने सहायक प्राध्यापक बनकर बढ़ाया पटना का मान, अति पिछड़ा वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान

-डॉ. सृष्टि कुमारी ने सहायक प्राध्यापक बनकर बढ़ाया पटना का मान, अति पिछड़ा वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान

पटना। विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में डॉ. सृष्टि कुमारी ने शानदार सफलता हासिल कर पटना जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने चयनित 422 सफल अभ्यर्थियों में 25वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं अति पिछड़ा वर्ग में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया है।
डॉ. सृष्टि कुमारी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने पटना जिले के बाढ़ स्थित संत जोसेफ कॉन्वेंट बालिका उच्च विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से प्राप्त की। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पीएचडी की उपाधि हासिल की है। डॉ. सृष्टि ने नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।


सहायक प्राध्यापक बनने के बाद भी डॉ. सृष्टि का लक्ष्य बड़ा है। वह यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने की तैयारी में जुटी हुई हैं। उनका कहना है कि वह अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी कर रही हैं।
डॉ. सृष्टि के पिता ओम प्रकाश प्रसाद वायुसेना में सेवा देने के बाद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता भोली प्रसाद गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन रचना प्रसाद ने वनस्थली से एमसीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षिका के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. सृष्टि की सफलता पर उनके पिता ओम प्रकाश प्रसाद ने कहा कि दो बेटियों के बाद उन्हें पुत्र की चाह नहीं रही। उन्होंने दोनों बेटियों को ही पुत्र समान मानकर बेहतर शिक्षा दिलाई। उन्होंने कहा कि परिवार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे को पूरी तरह से सार्थक किया है।
डॉ. सृष्टि कुमारी की इस उपलब्धि पर विधायक एवं राजद के वरिष्ठ नेता रणविजय साहू, पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. आनंद कुमार, बिहार तैलिक साहू सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राजद नेता साहू भूपाल भारती, पटना की मेयर सीता साहू समेत कई गणमान्य लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।