-डुमरी राजापाकर में 9 दिवसीय श्री शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ की तैयारी पूरी, कल निकलेगी भव्य कलश यात्रा
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना क्षेत्र के डुमरी राजापाकर में आयोजित होने वाले 9 दिवसीय श्री शिव शक्ति श्री रुद्र महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महायज्ञ का शुभारंभ 15 अप्रैल से होगा, जिसकी शुरुआत बुधवार सुबह भव्य कलश शोभायात्रा के साथ की जाएगी।
महायज्ञ के संयोजक राम एकवाल सिंह ने बताया कि यह आयोजन नव निर्मित दो मंजिला शिव मंदिर में भगवान शिव एवं उनके पूरे परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर किया जा रहा है। इस दौरान मथुरा, अयोध्या और वृंदावन से पधारे संत एवं विद्वान प्रतिदिन सत्संग और कथा प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और आध्यात्म का संदेश देंगे।
यह महायज्ञ 15 अप्रैल से 23 अप्रैल तक चलेगा।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सद्भावना मेले का भी आयोजन किया गया है, जिसमें भंडारा, कथा-प्रवचन के साथ-साथ मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध रहेंगे। मेले में झूला, श्रृंगार सामग्री, मिठाइयों, खिलौनों की दुकानें, मीना बाजार सहित विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा खेल-तमाशे भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
राम एकवाल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा से लेकर महायज्ञ के अंतिम दिन तक शामिल होकर धार्मिक लाभ उठाएं और मेले का आनंद लें।
महायज्ञ को सफल बनाने में यज्ञ समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार राय, सह संयोजक अरविंद कुमार सिंह, सचिव सानु झा, कोषाध्यक्ष हरिनाथ राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।











