-ट्रैफिक ई चालान के निष्पादन को लेकर प्रेक्षागृह में तीन विशेष बेंचों का गठन : सचिव
-जिले के सभी एक्जीक्यूटिव पदाधिकारियों की हुई समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
आगामी 9 मई 26 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिले के सभी एक्जीक्यूटिव पदाधिकारियों की आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नितिन त्रिपाठी ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से श्रम वाद, खनन संबंधी वाद, वन्य वाद तथा ट्रैफिक चालान (ई-चालान) मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों में लंबित मामलों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सूची तैयार करें। साथ ही संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस तामिला सुनिश्चित कराते हुए अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लाकर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।
बताया कि जिले में बड़ी संख्या में ई-चालान लंबित हैं। जिनमें से कई मामले 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं। ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष पहल की जा रही है। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वाहन मालिकों एवं चालकों को राहत प्रदान करते हुए उन्हें केवल 50 प्रतिशत राशि जमा कर चालान निपटाने का अवसर दिया जाएगा। इस पहल से न केवल लंबित मामलों में कमी आएगी, बल्कि आम नागरिकों को सुलभ एवं त्वरित न्याय भी प्राप्त होगा।

ट्रैफिक चालान मामलों के प्रभावी निष्पादन के लिए महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में तीन विशेष बेंचों का गठन किया गया है। जहां संबंधित मामलों की सुनवाई कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि इस योजना एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से न्यायालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरल एवं सुलभ प्रक्रिया के माध्यम से राहत प्राप्त हो।
बैठक में ज्ञानेश्वर प्रकाश (जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी), रामजन्म पासवान (जिला पंचायत राज पदाधिकारी), अजय कुमार (माप-तौल पदाधिकारी), श्रीमती निवेदिता कुमारी (जिला परिवहन पदाधिकारी), श्रीमती निधि कुमारी (वरीय उप समाहर्ता), रमाकांत कुमार (श्रम पदाधिकारी), अक्षय कुमार सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई सह सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन कोषांग पूर्वी चंपारण मोतिहारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में सचिव ने सभी पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक वादों का निष्पादन कर इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल, प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाया जा सके।









