-झरिया में अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि, पनशाला का हुआ उद्घाटन
झरिया।सतीश। झरिया-जोरापोखर क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर धनबाद के बैनर तले महानगर उपाध्यक्ष मदन राम के नेतृत्व में डिगवाडीह सीएमएफआरआई गेट के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर मदन राम ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज के दबे-कुचले, शोषित और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका मानना था कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय संविधान के जरिए सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज उनके विचार और आदर्श समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। मदन राम ने लोगों से अपील की कि वे बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलें और सामाजिक न्याय, समानता व भाईचारे को मजबूत करें।
कार्यक्रम के अंत में भीषण गर्मी को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से एक पनशाला का उद्घाटन किया गया, ताकि राहगीरों और जरूरतमंदों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
इस मौके पर शमशाद खान, जाहिद शेख, योगेंद्र हरि, लाल बाबू, गौतम हरि, जसीम अंसारी, महेंद्र कुमार, शमशाद अंसारी, अशोक हरि, असलम अंसारी, चंदन साहू, राजेश राम, राजा तुरी, धरिक्षण साव, अनवर अंसारी, जितेंद्र सोनी, भगवान सिंह, विवेक गुप्ता, फिरोज अंसारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











