Advertisement

जेपी के सपनों को साकार कर रही केंद्र व राज्य सरकार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

-जेपी के सपनों को साकार कर रही केंद्र व राज्य सरकार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, 16 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कदमकुआं स्थित महिला चरखा समिति परिसर में स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रभावती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने समिति परिसर का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश अध्ययन एवं शोध केंद्र, प्रभावती स्मृति कक्ष, शयन कक्ष तथा ‘सम्पूर्ण क्रांति सभागार’ का जायजा लिया। साथ ही फोटो गैलरी में प्रदर्शित लोकनायक के प्रारंभिक जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन और 1974 के जेपी आंदोलन (सम्पूर्ण क्रांति) से जुड़ी तस्वीरों को भी देखा। उन्होंने प्रभावती देवी के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति से जुड़ी महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सपनों को साकार किया जा रहा है।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने विजिटर्स बुक में हस्ताक्षर किए। समिति की महिलाओं ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। वहीं स्थानीय लोगों ने फूल-माला और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस निर्णय के साथ खड़ी है और यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. दिलीप जायसवाल, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।