Advertisement

जनकपुरधाम में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, 700 से अधिक लोगों ने लिया भाग

-जनकपुरधाम में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, 700 से अधिक लोगों ने लिया भाग

-भारतीय बाणिज्य महादूतावास वीरगंज के तत्वावधान में आयोजित हुआ भव्य योग शिविर

जनकपुरधाम | रिपोर्ट: मिश्री लाल मधुकर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में भारतीय बाणिज्य महादूतावास, वीरगंज द्वारा 18 जून को जनकपुरधाम के प्रसिद्ध तिरहुतिया गाछी मैदान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सतीश कुमार सिंह प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह रोगों को दूर भगाने का सहज उपाय है—’योग भगावे रोग'”। उन्होंने इस आयोजन के लिए भारतीय बाणिज्य महादूतावास को बधाई भी दी।

इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मधेश प्रदेश विधानसभा के सभामुख श्री रामचंद्र मंडल तथा जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका के मेयर श्री मनोज कुमार साह ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय महादूतावास के प्रयासों की सराहना की।

भारतीय बाणिज्य महादूत श्री देवी सहाय मीना ने बताया कि, “2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा योग को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता दी गई थी, जिसमें 177 देशों ने इसका समर्थन किया। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का वैश्विक विस्तार है।”

कार्यक्रम में नेपाल भारत मैत्री संघ, पतंजलि योग समिति, और कई अन्य सामाजिक संगठनों ने सक्रिय सहयोग दिया। योग शिविर में धनुषा जिले के प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता, सी.डी.ओ., एस.पी., पत्रकार, उद्योगपति, व्यवसायी, तथा आम नागरिक सहित 700 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन के माध्यम से योग की सार्वभौमिक उपयोगिता और भारत-नेपाल सांस्कृतिक संबंधों की गहराई को पुनः स्थापित किया गया।