Advertisement

छठ और दीपावली पर घर लौटना होगा आसान, बिहार-हरियाणा के बीच जल्द शुरू होगी बीएसआरटीसी की बस सेवा

-छठ और दीपावली पर घर लौटना होगा आसान, बिहार-हरियाणा के बीच जल्द शुरू होगी बीएसआरटीसी की बस सेवा

पटना। छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर घर लौटने वाले अप्रवासी बिहारियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। बिहार और हरियाणा के बीच जल्द ही बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की नियमित अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू होने जा रही है। इससे रोजगार, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कामों के सिलसिले में दोनों राज्यों के बीच सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

अप्रवासी बिहारियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर अंतर्राज्यीय बस परिचालन और रूट परमिट को लेकर चर्चा की थी। सरकार के प्रयासों के बाद बिहार-हरियाणा रूट पर बस परिचालन की अनुमति मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

बीएसआरटीसी ने बसों के परिचालन को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और बसों की खरीद भी की जा चुकी है। निगम की ओर से कुल 149 बसें खरीदी जा रही हैं, जिनमें 75 एसी बसें शामिल हैं। इन्हीं एसी बसों में से कुछ बसों का परिचालन हरियाणा समेत अन्य राज्यों के लिए किए जाने की तैयारी है।

बिहार और हरियाणा के बीच अंतर्राज्यीय बस सेवा शुरू करने के लिए जुलाई में दोनों राज्यों के बीच द्विपक्षीय समझौता (एमओयू) भी हुआ था। इसके तहत बिहार के 12 प्रमुख रूटों से हरियाणा के लिए एसी डीलक्स बसें चलाने का निर्णय लिया गया है।

प्रस्तावित बस सेवा के तहत पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और मधुबनी समेत बिहार के प्रमुख शहरों से हरियाणा के अंबाला, गुरुग्राम और पानीपत जैसे शहरों तक बसें चलेंगी। इससे हरियाणा के साथ दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारियों को आरामदायक और किफायती परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और घर लौटने में होने वाली परेशानी को कम करना है। नई बस सेवा शुरू होने से बिहार और हरियाणा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक और बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।