Advertisement

त्योहार से पहले चीनी के दाम में बड़ी गिरावट, 17 रुपये किलो तक सस्ती

-त्योहार से पहले चीनी के दाम में बड़ी गिरावट, 17 रुपये किलो तक सस्ती

मुजफ्फरपुर। त्योहारों से पहले आम लोगों के लिए राहत की खबर है। चीनी की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट आई है। मुजफ्फरपुर के थोक बाजार में चीनी का भाव घटकर 5200 रुपये प्रति क्विंटल यानी 52 रुपये प्रति किलो पर आ गया है। इसके बाद खुदरा बाजार में चीनी 53 से 54 रुपये प्रति किलो बिकनी शुरू हो गई है। बीते दिनों 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंची चीनी की कीमत में उपभोक्ताओं को करीब 17 रुपये प्रति किलो तक की सीधी राहत मिल रही है।

अंडीगोल कारोबारी संघ के सचिव आदित्य बांका ने बताया कि कुछ कारोबारियों ने पहले 5400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से चीनी का स्टॉक खरीदकर रखा था। ऐसे में कुछ दुकानों पर अभी भी चीनी 56 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है। पुराना स्टॉक खत्म होने के बाद इन दुकानों पर भी कीमत घटकर करीब 53 रुपये प्रति किलो हो जाने की उम्मीद है।

कारोबारियों के अनुसार थोक बाजार में भाव 5200 रुपये प्रति क्विंटल आने के बाद खुदरा बाजार में भी कीमतों में और स्थिरता आएगी। परिवहन और ढुलाई खर्च जोड़ने के बाद दुकानदार चीनी को 53 से 54 रुपये प्रति किलो की दर से बेच सकते हैं।

चीनी की कीमत बढ़ने के कारण पिछले कुछ महीनों से आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। महंगी चीनी के चलते कई लोग जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे थे। अब कीमतों में गिरावट से त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

बाजार के छह माह के रुझान पर नजर डालें तो जनवरी से मार्च के बीच बिहार के खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत करीब 40 से 42 रुपये प्रति किलो थी। अप्रैल और मई में भाव बढ़कर 44 से 46 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। इसके बाद जुलाई और अगस्त में कीमतों में असामान्य तेजी आई और चीनी 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिकने लगी। अब सितंबर में थोक भाव में गिरावट के बाद खुदरा कीमतों में भी बड़ी कमी आई है।