Advertisement

गायघाट में बाढ़ प्रभावित पंचायतों को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग

गायघाट में बाढ़ प्रभावित पंचायतों को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग

संवाददाता। मुजफ्फरपुर।

गायघाट प्रखंड में बाढ़ से प्रभावित पंचायतों को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित करने के लिए गायघाट विधायक निरंजन राय ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बाढ़ से प्रभावित पंचायतों—जमालपुर कोदई, केवटसा, शिवदहा, कांटा पिरौंछा उत्तरी, कांटा पिरौंछा दक्षिणी, सुस्ता, बलौर निधि, लदौर, बरूआरी और लोमा को पूर्णतः बाढ़ प्रभावित घोषित किया जाएगा। विधायक निरंजन राय ने सभी बाढ़ पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बाढ़ राहत कोष से प्रति परिवार ₹7000/- (सात हजार) की सहायता राशि का भुगतान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भुगतान नहीं किया गया, तो राजद महागठबंधन प्रखंड से जिला तक घेराव करेगा और सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित सभी बाढ़ पीड़ित पंचायतों के मुखियाओं से अनुरोध किया गया कि वे जल्द से जल्द पंचायत में अनुश्रवण समिति की बैठक कर बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची अंचल को सौंपें, ताकि राहत राशि का समय पर वितरण हो सके।

 

इस बैठक में उप प्रमुख जयप्रकाश यादव, प्रखंड राजद अध्यक्ष पांचू महासेठ, जिला प्रवक्ता अरविंद राय, पूर्व प्रमुख शिव शंकर राय, प्रधान महासचिव राहुल कुमार, मुखिया छविनाथ सिंह, पैक्स अध्यक्ष नवीन कुमार, महेश राय, सुरेंद्र राय और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।