-गायघाट में ताड़ के पेड़ से गिरकर युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक कुमार
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ताड़ के पेड़ से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान धबौली गांव निवासी संजय साहनी (37 वर्ष), पिता अकलू साहनी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय साहनी ताड़ के पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी सूचना दे दी है।
पुलिस ने बताया कि शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम सहित अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।












