Advertisement

गरहां थाना क्षेत्र से दो किशोरियां लापता, अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज

-गरहां थाना क्षेत्र से दो किशोरियां लापता, अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज

मुजफ्फरपुर। गरहां थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही किशोरियों की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पहले मामले में एक पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री चार जुलाई को घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित पिता ने मीनापुर थाना क्षेत्र के एक युवक और उसके परिजनों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने शादी का झांसा देकर उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आवेदन में यह भी कहा गया है कि घर से करीब 50 हजार रुपये नकद और चांदी के आभूषण भी गायब हैं। इस मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए साजिश में संलिप्तता की आशंका जताई गई है।


वहीं, दूसरे मामले में एक अन्य पिता ने बताया कि उनकी करीब 16 वर्षीय पुत्री दो जुलाई को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और सहेलियों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने गरहां थाना में शिकायत दर्ज कराई।
गरहां थानाध्यक्ष सेन्टू कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और दोनों लापता किशोरियों की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।