-खेत से मिले अधमरे वीडियोग्राफर की पांच दिन बाद हुई पहचान, इलाज के दौरान मौत
– गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान, पिता ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गुहार
मोतिहारी।
बीते 11 अप्रैल को जिले के रक्सौल स्थित हरैया थाना क्षेत्र के सुंदरपुर रोड (वार्ड संख्या 4) स्थित एक गेहूं के खेत से अधमरे हालत मिले एक युवक की पहचान पांच दिन बाद हो गई है। युवक की पहचान पनटोका पंचायत के भरतमहि गांव (वार्ड संख्या 6) निवासी रवि सहनी के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। जिसने मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान दम तोड दिया। जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल को स्थानीय लोगों ने खेत में गंभीर रूप से घायल युवक को देखा था। उन्होंने तत्काल हरैया थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को रक्सौल के डंकन हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान सूरज कुमार की मौत हो गई। उसके गले और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले थे।
जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से पिटाई कर खेत में फेंक दिया गया था।मृतक के परिजनों ने बताया कि सूरज कुमार वीडियोग्राफी का काम करता था और अक्सर शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में शूटिंग के लिए बाहर जाता था। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन भी उसे उसके कुछ दोस्तों ने काम के बहाने बुलाया था। तीन दिन तक कोई सूचना न मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ी और खोजबीन के दौरान यह सच्चाई सामने आई।

मृतक के पिता रवि सहनी ने आशंका जताई है कि उसके दोस्तों ने ही धोखे से बुलाकर उसकी हत्या की होगी। उन्होंने बताया कि सूरज का किसी से कोई विवाद नहीं था। उसका मोबाइल, मोटरसाइकिल और पर्स भी गायब है। रवि सहनी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।सूरज कुमार का शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। मुखिया प्रतिनिधि उमेश चौरसिया ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पीड़ित परिजनों द्वारा अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












