-खगड़ा रेड लाइट एरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 नाबालिग समेत 9 युवतियां रेस्क्यू
किशनगंज। बिहार पुलिस ने शहर के खगड़ा रेड लाइट इलाके में रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के अंधेरे धंधे का पर्दाफाश किया। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने 4 नाबालिग लड़कियों समेत कुल 9 युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी इलाकों से मासूम लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबरन लाकर इस अवैध धंधे में धकेला जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत जाल बिछाया।

हादुरगंज और पहाड़कट्टा सहित कई थानों की टीम को अलर्ट कर सादे लिबास में जवानों और महिला पुलिसकर्मियों को इलाके में तैनात किया गया।
डीएसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में जैसे ही पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी, वहां अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। कई दलाल और संदिग्ध मौके से भागने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कई लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने एक-एक घर की तलाशी लेकर पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी है। एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह अभियान विशेष रूप से उन पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया गया, जो इस गोरखधंधे में फंसी हुई थीं।
फिलहाल सभी रेस्क्यू की गई युवतियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस संगठित गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। इस सनसनीखेज छापेमारी के बाद इलाके में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे शहर में खगड़ा के काले सच की चर्चा तेज हो गई।










