-कुढ़नी अंचल में दाखिल-खारिज के लंबित मामलों पर डीएम सख्त, छह राजस्व कर्मचारियों का वेतन रोका
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, कुढ़नी का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान दाखिल-खारिज के मामलों में छह हल्कों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। दरियापुर कफेन और चैनपुर वाजिद में बड़ी संख्या में आवेदन 35, 75 और 120 दिनों से अधिक समय से लंबित मिलने पर डीएम ने संबंधित राजस्व कर्मचारियों का वेतन अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया। अपर समाहर्ता को दोनों हल्कों में राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। लापरवाही प्रमाणित होने पर प्रपत्र-क गठित कर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

वहीं माधोपुर, लदौरा, सकरी सरैया और कुढ़नी हल्कों में भी दाखिल-खारिज आवेदनों के निष्पादन की स्थिति असंतोषजनक मिलने पर संबंधित राजस्व कर्मचारियों का वेतन रोकते हुए तत्काल सुधार का निर्देश दिया गया।
डीएम ने डिजिटाइज्ड जमाबंदी से संबंधित परिमार्जन आवेदनों की भी समीक्षा की। सीओ लॉग-इन में 1,650 आवेदन लंबित मिले, जबकि 12 सितंबर को यह संख्या 1,283 थी। लंबित मामलों में वृद्धि पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीओ को अंतिम चेतावनी दी और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान कराया। बाद में चदुआ पंचायत के पंचायत सरकार भवन में अभियान बसेरा शिविर का निरीक्षण कर पात्र लोगों से बिहारभूमि पोर्टल, पंचायत स्तरीय शिविर या अंचल कार्यालय के माध्यम से आवेदन करने की अपील की।











