Advertisement

किशनगंज पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र रैकेट का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 26 लाख रुपये जब्त

-किशनगंज पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र रैकेट का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 26 लाख रुपये जब्त

किशनगंज। शनिवार को किशनगंज पुलिस ने बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए नकली निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित राजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। राजन मूल रूप से खानपुर, समस्तीपुर का रहने वाला है और इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

एसपी सागर कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि आरोपी राजन कुमार ने महज 1000 रुपये में एक वेबसाइट बनवाकर यह गोरखधंधा शुरू किया था। इसी वेबसाइट के जरिए विभिन्न फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जाते थे। पुलिस ने जांच में खुलासा किया कि प्रमाण पत्रों में “दिघलबैंक” की स्पेलिंग गलत लिखी गई थी, जिसके बाद पूरे मामले की परतें खुलीं।

पुलिस ने राजन के विभिन्न बैंक खातों से 26 लाख रुपये जब्त किए हैं। राजन बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई कर चुका है और इसी पढ़ाई के दौरान उसने यह वेबसाइट तैयार करवाई थी।

इससे पहले गंधर्वडांगा में कॉमन सर्विस सेंटर चलाने वाले अजय कुमार साह की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में राजन का नाम सामने आया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मास्टरमाइंड को दबोच लिया।

ऑपरेशन में ठाकुरगंज एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह, साइबर डीएसपी रविशंकर, डीआईयू प्रभारी जन्मेजय कुमार शर्मा, गंधर्वडांगा थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार, पौआखाली थानाध्यक्ष अंकित कुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक प्रीति कुमारी, नितेश कुमार, अवर निरीक्षक रामजी शर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रौशन कुमार तथा तकनीकी सेल के प्रमोद कुमार और रवि रंजन शामिल थे।