Advertisement

कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग पिता को बांस से पीटकर उतारा मौत के घाट, गांव में मातम

-कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग पिता को बांस से पीटकर उतारा मौत के घाट, गांव में मातम

मुजफ्फरपुर: जिले के गरहां थाना क्षेत्र के सनाठी गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही 65 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बांस से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

मृतक की पहचान महेश सहनी के रूप में हुई है, जो पेशे से मछली व्यवसायी थे। बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत उस समय हुई जब मृतक का पोता छोटू कुमार स्कूल जाने से आनाकानी कर घर पर खेलने लगा। इससे नाराज होकर उसका पिता मनोज सहनी बच्चे की पिटाई करने लगा। परिजनों के अनुसार आरोपी उस समय नशे की हालत में था।

मासूम बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दादा महेश सहनी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए बेटे को बच्चे को नहीं मारने की बात कही। लेकिन पिता का हस्तक्षेप मनोज सहनी को नागवार गुजर गया। गुस्से और नशे में चूर आरोपी ने पास में रखा भारी बांस उठाकर अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल महेश सहनी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें स्थानीय डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मनोज सहनी मौके से फरार हो गया। मृतक की पत्नी नगीना देवी के बयान पर गरहां थाना में आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मामले की पुष्टि करते हुए विनीता सिन्हा ने बताया कि बच्चे की पिटाई से रोकने पर आरोपी ने अपने पिता पर बांस से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।