-कचरा प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर टीम ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरपुर, 6 अक्टूबर। सिटीज 2.0 परियोजना के तहत शहर में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एएफडी, केएफडब्ल्यू और एनआईयूए की टीम ने रौतिनिया, चांदवारा और बाबा गरीबनाथ मंदिर क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। टीम ने कचरा संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण, लीचेट प्रबंधन और प्रस्तावित विकास कार्यों की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्थानीय जरूरतों को देखते हुए मोबाइल एमआरएफ वाहन की व्यवस्था का सुझाव दिया।

इससे सूखे कचरे को मौके पर अलग कर उपयोगी सामग्री को पुनर्चक्रण के लिए भेजने में मदद मिलेगी। कचरे से निकलने वाले गंदे पानी यानी लीचेट की उचित निकासी और प्रबंधन पर भी जोर दिया गया। टीम ने चिन्हित स्थलों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को मजबूत करने की सलाह दी।
सिटीज 2.0 के तहत होने वाले निर्माण कार्यों से पहले उनके पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों की जांच करने पर भी जोर दिया गया। इसके बाद टीम ने नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह से मुलाकात कर सुझाव साझा किए। नगर आयुक्त ने कहा कि टीम के फीडबैक के आधार पर परियोजना के विभिन्न घटकों को अंतिम रूप दिया जाएगा।












